News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

तनाव से बचाव के लिए सकारात्मक सोच, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और मोबाइल व सोशल मीडिया का सीमित उपयोग आवश्यक : डॉ किरण

मंडी, 25 जनवरी । मंडी जिला के करसोग उपमंडल प्रशासन की पहल अपना पुस्तकालय – एक संवाद मंच कार्यक्रम के अंतर्गत पुस्तकालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए तनाव प्रबंधन पर एक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस सत्र का उद्देश्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को मानसिक रूप से सशक्त बनाना और पढ़ाई के दौरान उत्पन्न होने वाले तनाव से निपटने के व्यावहारिक उपायों से अवगत कराना रहा। कार्यक्रम में सिविल अस्पताल करसोग की मनोरोग चिकित्सक डॉ. किरण ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए तनाव के कारणों और उसके प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

उन्होंने बताया कि वर्तमान समय में प्रतिस्पर्धा, समय प्रबंधन की कमी और अपेक्षाओं का दबाव छात्रों में तनाव का प्रमुख कारण बन रहा है, जिसका समय रहते समाधान आवश्यक है।

डॉ. किरण ने विद्यार्थियों को तनाव कम करने के लिए प्रभावी टिप्स साझा किए। उन्होंने कहा कि उचित प्लानिंग, लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करना, नियमित डीप ब्रीदिंग अभ्यास, योग व एक्सरसाइज तनाव को काफी हद तक कम करने में सहायक होते हैं। इसके अलावा सकारात्मक सोच, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और मोबाइल व सोशल मीडिया के सीमित उपयोग पर भी विशेष बल दिया गया।

उन्होंने विद्यार्थियों को यह भी संदेश दिया कि तनाव को छुपाने या नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते परामर्श लेना समझदारी है। सत्र के दौरान विद्यार्थियों द्वारा अनेक प्रश्न भी किए गए। जिनका डॉ. किरण ने सरल और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से समाधान किया।

Leave a Reply