News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
MP

मध्य प्रदेश में ठंड का कहर बरकरार, शहडोल का कल्याणपुर बना सबसे ठंडा इलाका, पारा 4.7 डिग्री पहुंचा

हिस

Medium

HREG HMAD 5

Cold weather-MP

मध्य प्रदेश में ठंड का कहर बरकरार, शहडोल का कल्याणपुर बना सबसे ठंडा इलाका, पारा 4.7 डिग्री पहुंचा

– प्रदेश में फिलहाल तीन दिन शीतलहर से राहत

भोपाल, 14 दिसम्‍बर । मध्य प्रदेश में ठंड का असर बरकरार है, हालांकि फिलहाल शीतलहर से कुछ राहत मिली है। उत्तरी भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के चलते बादल, बारिश और पहाड़ों पर बर्फबारी हो रही है, जिससे सर्द हवाओं की रफ्तार कमजोर पड़ी है। इसी कारण अगले तीन दिनों तक प्रदेश में शीतलहर का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। इसके बावजूद न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है।

प्रदेश में सबसे कम तापमान शहडोल जिले के कल्याणपुर में दर्ज किया गया, जहां रात का पारा 4.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में दो नए पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत में प्रवेश करेंगे। इनके आगे बढ़ने के बाद बर्फ पिघलेगी और ठंडी हवाएं मध्य प्रदेश की ओर आएंगी, जिससे एक बार फिर शीतलहर का असर देखने को मिल सकता है।

शुक्रवार और शनिवार की रात प्रदेश के 25 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो इंदौर सबसे ठंडा रहा, जहां पारा 5.9 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 6.4 डिग्री, ग्वालियर में 9.8 डिग्री, उज्जैन में 9.2 डिग्री और जबलपुर में 8.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। अन्य शहरों में राजगढ़ और पचमढ़ी में 5.4 डिग्री, मंदसौर में 6 डिग्री, शाजापुर में 6.4 डिग्री, रीवा में 7 डिग्री, रायसेन और नौगांव में 7.6 डिग्री, मलाजखंड में 7.9 डिग्री, मंडला और शिवपुरी में 8.2 डिग्री, दतिया में 8.4 डिग्री तथा बैतूल में 9 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। दमोह, सतना, टीकमगढ़ और खजुराहो में न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, फिलहाल उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में जेट स्ट्रीम सक्रिय है, जिसका असर मध्य प्रदेश पर भी पड़ रहा है। यह जेट स्ट्रीम जमीन से करीब 12.6 किलोमीटर की ऊंचाई पर 176 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बह रही है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना हुआ है।

Leave a Reply