धारः प्रभारी मंत्री विजयवर्गीय अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
बैठक में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा द्वारा जिला विकास सलाहकार समिति के बारे में बताते हुए जानकारी देते हुए कहा कि आज इस समिति की प्रथम परिचायात्मक रूप में बैठक आयोजित की गई। मध्यप्रदेश शासन योजना एवं सांख्यिकी विभाग भोपाल द्वारा मुख्यमंत्री डॉं. मोहन यादव की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति का गठन किया गया है। जिसमें प्रभारी मंत्री जी द्वारा उद्योग, व्यापार, प्रगतिशील किसान, समाजसेवी, चिकित्सा, विधि आदि क्षेत्रों के नामित 20 प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। कलेक्टर द्वारा बैठक में विभिन्न विभागों से संबंधित जिले की राज्यस्तरीय व जिला स्तरीय उपलब्धियों से अवगत कराया गया।
प्रभारी मंत्री वियजवर्गीय ने कहा कि विगत दो वर्षों में धार जिले में धार्मिक, पर्यटन, औद्योगिक, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, नगरीय एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की गई। स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में भी जिले ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजनांतर्गत वर्ष 2024-25 में 122 सडकों के नवीनीकरण से 362.00 किमी तथा वर्ष 2025-26 में 45 सड़कों के नवीनीकरण से 118.00 कि.मी. मार्गाे में सुधार हुआ है, जिससे ग्रामीण अंचलों में हर मौसम में आवागमन आसान हो गया है। जिले में जल जीवन मिशन के तहत अब तक 3 लाख 3 हजार 690 घरों में नल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, घर पहुँच पेयजल सुविधा मिलने से ग्रामीण महिलाओं का जीवन सरल हुआ है और स्वास्थ्य स्तर में सुधार आया है।
प्रधानमंत्री आवास योजनाओं के अंतर्गत धार जिले के ग्रामीण अंचलों में 1 लाख 45 हजार से अधिक और शहरी क्षेत्रों प्रधानमंत्री आवास योजना 1.0 अंतर्गत समस्त नगरी निकायों में 16,252 आवासों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, जिससे लाखों परिवार पक्की छत के नीचे सम्मानजनक जीवन यापन कर रहे हैं।. जिले के पीएम श्री और सांदीपनी स्कूलों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और रोबोटिक्स जैसी सुविधाओं उपलब्ध हो जाने से परीक्षा परिणामों में उल्लेखनीय सुधार आया है। समिति में शामिल विभिन्न क्षेत्रों के वरिष्ठ सदस्य जिले के विकास के लिए उपयोगी सुझाव दें। पर्यावरण की सुरक्षा के साथ-साथ जिले का विकास हो, ऐसी कार्ययोजना तैयार की जाए।