रायपुर : जिले में 9 से 31 दिसंबर तक चलेगा सघन कुष्ठ खोज अभियान
अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु आज मंगलवार को कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में जिला अंतर्विभागीय समिति की बैठक रेड क्रॉस सभा कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में नगर निगम आयुक्त विश्वदीप, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कुमार विश्वरंजन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी सहित शिक्षा, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण तथा अन्य संबद्ध विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अभियान के प्रभावी संचालन हेतु दो-सदस्यीय सर्वेक्षण टीमों का गठन किया गया है, जिनमें एक महिला एवं एक पुरुष शामिल रहेगा। टीमें माइक्रोप्लान के अनुसार घर–घर भ्रमण कर संभावित रोगियों की पहचान करेंगी। सर्वेक्षण कार्य से पूर्व सभी स्वास्थ्य कार्मिकों का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है, जिससे फील्ड स्तर पर संवेदनशील एवं त्वरित निरीक्षण सुनिश्चित हो सके।
कलेक्टर डॉ. सिंह ने निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें एवं संभावित लक्षण मिलने पर मरीजों को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र में भेजा जाए, जहां मुफ़्त MDT उपचार उपलब्ध है, जो कुष्ठ रोग के पूर्ण उपचार में प्रभावी है। जिला प्रशासन ने अपील की है कि, सर्वेक्षण टीमों को सहयोग प्रदान करें एवं किसी भी लक्षण की स्थिति में उपचार हेतु विलंब न करें। यह प्रयास रायपुर को कुष्ठ-मुक्त जिले की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।