झज्जर : कांग्रेस का बिहार में वोट चोरी का मुद्दा फुस्स निकला : धनखड़
भाजपा नेता ओमप्रकाश धनखड़ ने शुक्रवार काे बिहार की जनता के निर्णय का खुले दिल से स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और एनडीए के सहयोगी नेताओं को बंपर जीत की बधाई दी। उन्होंने कहा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सशक्त नेतृत्व में भाजपा नीत केंद्र सरकार सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की नीति पर आगे बढ़ रही है। इसलिए देश के ज्यादातर प्रदेशों में भाजपा की बार बार डबल इंजन की सरकार बन रही है।
धनखड़ ने कहा कि बिहार की बंपर जीत से एक बार फिर यह सिद्ध हो गया है कि जो राजनीतिक दल जनता के मुद्दों और देश हित को अपने हितों से पहले रखेगा, उसी दल को जनता बार सेवा का मौका देगी। मोदी के नेतृत्व में केंद्र और हरियाणा में लगातार तीसरी बार, गुजरात, मध्य प्रदेश में बार-बार भाजपा को सेवा का मौका जनता जनार्दन दे रही है क्योंकि भाजपा हर वर्ग को अपने साथ लेकर चलती है।
धनखड़ ने कहा कि कांग्रेस राजनीति में निरंतर अप्रासंगिक होती जा रही है। देश की जनता की जरूरतों को समझ नहीं पा रही है। कांग्रेस का फोकस केवल एक परिवार को आगे बढ़ाने पर रहा है। जनता के हितों से कोई सरोकार नहीं है। कांग्रेस की एक ही नीति है केवल अपनों को आगे बढ़ाओ। देश हित की बात इनके एजेंडे में ही नहीं दिखती। धनखड़ ने कहा कि क्षेत्रीय राजनीतिक दलों की भी प्रासंगिकता धीरे-धीरे खत्म होती जा रही है।