News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

बांके बिहारी को दिल में बसाकर यहां से ले जाना है : सुधांशु महाराज

चार दिवसीय श्रीकृष्ण ध्यान योग शिविर का शुभारम्भ श्रद्धा, भक्ति और शांति के संदेश के साथ हुआ। साधकों को सम्बोधित करते हुए आचार्य सुधांशु महाराज ने कहा सम्पूर्ण ब्रह्मांड में दिव्य ऊर्जा प्रवाहित है। ध्यान के माध्यम से उसी ऊर्जा से जुड़ना है। जब हम अपनी सात्विक तरंगें ब्रह्मांड में भेजते हैं, तो वह कई गुणा बढ़कर हमारे पास लौटती हैं। यही ईश्वरीय नियम है। भगवान श्रीकृष्ण योगेश्वर हैं, जिन्होंने अर्जुन को संघर्ष के बाद ध्यान की आज्ञा दी। जीवन में संतुलन, शक्ति और शांति ही ध्यान का उद्देश्य है। शांति प्रेम के स्रोत से जुड़ने की विधि ध्यान है। तन को शुद्ध करें, मन को अविचल बनाएं, प्रकृति के बीच जाकर मंत्र शक्ति का प्रयोग करें। यही सच्चा योग है।

उन्होंने आग्रह किया कि सभी साधक बांकेबिहारी को दिल में बसाकर यहां से ले जाएं। यही इस ध्यान का फल है कि आपके भीतर का ईश्वर आपके हर क्षण में जीवंत हो जाएंगे।

डा. अर्चिका दीदी ने कहा परमात्मा की शांति को अपने दिलों में उतारें और सद्गुरु की कृपा से उस चेतना से जुड़ें। आप सौभाग्यशाली हैं, जो तीर्थभूमि में ध्यान साधना का अवसर पा रहे हैं। इस दौरान बड़े-बुजुर्गों से लेकर नए युवा और बच्चे भी ध्यान करते हुए दिखे।

मुख्य संयोजक मनोज शास्त्री ने बताया सुबह और शाम दो सत्रों में ध्यान योग होगा। शिविर के उद्घाटन पर कोनार्क पालीट्यूब प्राइवेट लिमिटेड के एमडी अनमोल रतन आदि भक्त सेवा में जुटे रहे।

Leave a Reply