भारतीय नौसेना का जहाज ‘सावित्री’ मॉरीशस के पोर्ट लुइस बंदरगाह पर पहुंचा
नई दिल्ली, 03 नवंबर । भारतीय नौसेना के पूर्वी बेड़े का एक अपतटीय गश्ती पोत (ओपीवी) ‘सावित्री’ दक्षिण-पश्चिम हिंद महासागर क्षेत्र में एक दीर्घकालिक परिचालन तैनाती के तहत मॉरीशस के पोर्ट लुइस पहुंचा है। मॉरीशस के राष्ट्रीय तटरक्षक बल ने जहाज का गर्मजोशी और सौहार्दपूर्ण स्वागत किया। इस जहाज की यह यात्रा भारत और मॉरीशस के बीच मजबूत रक्षा सहयोग की पुष्टि करने के साथ ही यह साझेदारी आपसी विश्वास, साझा मूल्यों और समान समुद्री हितों पर आधारित है।
भारतीय युद्धपोत सावित्री मॉरीशस के राष्ट्रीय तटरक्षक बल (एनसीजी) के जहाजों और विमानों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण संयुक्त अनन्य आर्थिक क्षेत्र (ईईजेड) निगरानी गतिविधियां करेगा। इस संयुक्त निगरानी का उद्देश्य मॉरीशस के समुद्री क्षेत्रों में सुरक्षा सुनिश्चित करना और साथ ही भारतीय नौसेना और मॉरीशस एनसीजी के बीच अंतर-संचालन और समन्वय को बढ़ाना है। बंदरगाह प्रवास के दौरान जहाज का चालक दल विभिन्न प्रकार की व्यावसायिक बातचीत में शामिल होगा।