News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

शिमला की रातें हमीरपुर और सोलन से गर्म, 4 से बिगड़ेगा मौसम

राज्य के कई हिस्सों में रविवार को धूप खिलने से मौसम सुहावना बना हुआ है। पहाड़ी और मध्यवर्ती इलाकों में दिन के समय ठंड कम महसूस हुई, जबकि मैदानों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाया रहा। मंडी जिले के सुंदरनगर में दृश्यता केवल 200 मीटर और बिलासपुर में 800 मीटर दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 3 नवम्बर तक मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है, लेकिन इसके बाद मौसम का मिजाज बदलने वाला है।

मौसम विभाग के अनुसार 3 नवम्बर की रात से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे 4 और 5 नवम्बर को राज्य के कई क्षेत्रों में वर्षा और बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान जनजातीय जिलों लाहौल-स्पीति, किन्नौर के साथ कुल्लू और चंबा के ऊंचाई वाले इलाकों में हिमपात हो सकता है। हालांकि भारी बर्फबारी या वर्षा को लेकर कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है। 6 से 8 नवम्बर तक मौसम के दोबारा साफ रहने की संभावना जताई गई है।

इस बीच, राज्य के जनजातीय और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रात के तापमान में आ रही गिरावट से ठंड बढ़ गई है। लाहौल-स्पीति जिला के कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान -1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा। इसी जिले के ताबो में -0.8 डिग्री और केलंग में 0.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। किन्नौर जिले के कल्पा में न्यूनतम तापमान 4.8 और रिकांगपिओ में 7.8 डिग्री रहा।

प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान पर नजर डालें तो सुंदरनगर 12.2, भुंतर 9.4, धर्मशाला 13.6, ऊना 15.5, नाहन 13.8, पालमपुर 10.2, कांगड़ा 13.4, मंडी 14.2, बिलासपुर 15.7, जुब्बड़हट्टी 13.2, कुफरी 9.8, नारकंडा 7.1, भरमौर 9.5, सियोबाग 7.6 और कसौली 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।

राज्य के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रिकॉर्ड किया गया है। औसतन प्रदेश के न्यूनतम तापमान में बीते 24 घंटों में 0.1 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है।

Leave a Reply