घाटशिला उपचुनाव में पोस्टल बैलेट से मतदान की शुरुआत, दो दिनों में पडे 117 मत
30 अक्टूबर से शुरू हुई इस प्रक्रिया में दो दिनों के भीतर कुल 117 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। इनमें पहले दिन 56 और दूसरे दिन 61 मतदाताओं ने मतदान किया। मतपत्र कोषांग से मिली जानकारी के अनुसार, फैसिलिटेशन सेंटर पर 30 और 31 अक्टूबर, 3 और 4 नवंबर एवं 6 से 8 नवंबर तक सरकारी पदाधिकारी, चालक-कंडक्टर और वीडियोग्राफर मतदान करेंगे।
आवश्यक सेवा प्रदाता (एवीईएस) श्रेणी के मतदाता 5 से 11 नवंबर तक पोस्टल बैलेट से मतदान करेंगे, जबकि निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला के कोषांग में प्रतिनियुक्त अधिकारी और कर्मी 8 से 10 नवंबर के बीच मतदान कर सकेंगे।
इसी के साथ 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं और कम से कम 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले मतदाताओं के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है। इनके लिए होम वोटिंग की प्रक्रिया 2 नवंबर से शुरू होगी। पहले चरण में 2 से 7 नवंबर और दूसरे चरण में 9 से 10 नवंबर तक मतदान कर्मी उनके घर जाकर पोस्टल बैलेट से मतदान कराएंगे।