कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष समेत कई नेता भाजपा में हुए शामिल
देहरादून, 18 जुलाई । कांग्रेस की रुद्रपुर महिला जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर समेत कई नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए इसे पार्टी के प्रति बढ़ते जनविश्वास का प्रतीक बताया।
देहरादून स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस की रुद्रपुर महिला जिलाध्यक्ष रेखा सोनकर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजू सोनकर, क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक राणा, पूर्व प्रधान रूप सिंह राणा तथा पूर्व सैनिक प्रवेश सिंह राणा को पार्टी का पटका पहनाकर सदस्यता दिलाई।
इस अवसर पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि भाजपा के प्रति समाज के हर वर्ग, विशेषकर मातृशक्ति का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि इन नेताओं और जनप्रतिनिधियों के पार्टी में शामिल होने से रुद्रपुर और आसपास के क्षेत्रों में संगठन को मजबूती मिलेगी।
भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं से प्रभावित होकर विभिन्न दलों के नेता भाजपा से जुड़ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता विकास कार्यों को प्रत्यक्ष रूप से अनुभव कर रही है, जिसके चलते जनप्रतिनिधि भी विकास की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए भाजपा का दामन थाम रहे हैं।
उन्होंने नए सदस्यों से पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार और तरुण बंसल, दायित्वधारी विनय रूहेला, प्रदेश मंत्री आदित्य चौहान, प्रदेश कार्यालय सचिव जगमोहन रावत और प्रदेश सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।