धारा 118 में परिवर्तन कर ‘हिमाचल फॉर सेल’ पर लगाना चाहती है सुक्खू सरकार : संजय शर्मा
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू कांग्रेस हाईकमान और कांग्रेस पार्टी से जुड़े व्यापारी वर्ग के भारी दबाव में हैं और हिमाचल की भूमि को प्रदेश के बाहरी व्यक्तियों को बेचने की फिराक में हैं। भूमि सुधार अधिनियम की धारा 118 में परिवर्तन कर सरकार ‘हिमाचल फॉर सेल’ की दिशा में कदम बढ़ा रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने बताया कि यह बड़ी हैरानी की बात है कि मुख्यमंत्री जब-जब विदेश यात्राओं पर जाते हैं, तब-तब हिमाचल को बेचने का नया प्लान लेकर लौटते हैं। गत वर्ष जब मुख्यमंत्री दुबई दौरे से वापस आए थे, तो हिमाचल प्रदेश कृषि विश्वविद्यालय की ज़मीन को पर्यटन विकास के नाम पर निजी हाथों में सौंपने का फ़ैसला किया गया। जब स्थानीय लोगों ने इसके विरोध में आवाज़ उठाई और उच्च न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाया, तो हिमाचल सरकार ने न्यायालय के निर्णय को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दे दी।
अब जब मुख्यमंत्री यूके के दौरे से लौटे हैं, तब से वे धारा 118 में परिवर्तन करने की कोशिश में लगे हुए हैं।