जींद: धनतेरस पर बाजार में उमड़ी भीड़, जमकर हुई खरीददारी
धनतेरस पर लोगों ने रसोई के सामान की जमकर खरीदारी की है। ज्वैलर्स प्रदीप भोला ने बताया कि दीपावली पर्व पर सोने तथा चांदी के सिक्कों की खरीद की जाती है। इस बार लोग सोने की बजाए चांदी के आइटमों को ज्यादा तवज्जो दी। चांदी के लक्ष्मी व गणेश की मूर्तियों की सेल ज्यादा रही है। वहीं बाजार में पांच ग्राम के सिक्के भी उपलब्ध रहे। उन्होंने बताया कि जींद के सर्राफा बाजार आसपास जिलों में अच्छी-खासी पहचान रखता है। यहां हरियाणा के अलावा पंजाब व हिमाचल प्रदेश से भी आकर लोग सोने के आभूषणों की खरीददारी करते हैं।
जींद सर्राफा बाजार में छोटी-बड़ी 225 दुकानें हैं। धनतेरस त्योहार पर लोगों ने चांदी के सिक्कों, चांदी के नोट, बिस्कुट, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियों की खरीददारी की है। बाजार में हिसार, कैथल, गुहला चीका, खनौरी जैसे प्रदेश के अनेक क्षेत्रों के अलावा पंजाब व दिल्ली में भी जींद में तैयार होने वाले स्पेशल सोने के आभूषणों की अछी-खासी मांग रहती है।
खास बात यह है कि इस बार लोग हॉल मार्का को तवज्जो देते हुए बिल भी मांग रहे हैं। वहीं धनतेरस पर इलेक्ट्रोनिक्स दुकानों पर भी लोगों की भारी भीड़ रही। शहर में इलेक्ट्रोनिक्स की लगभग 100 मुख्य दुकानें हैं। मंगलवार को लोगों ने विभिन्न कंपनियों के टीवी, फ्रिज, एलईडी, वाशिंग मशीन, लेपटॉप आदि की खरीददारी में दिलचस्बी दिखाई। इसके अलावा दीपावली पर्व पर मिठाई की बजाए ड्राई फ्रूट्स की धूम रही। जयंती देवी मंदिर के पुजारी नवीन शास्त्री ने बताया कि ऐसी मान्यता है कि इस दिन खरीदी गई वस्तु ज्यादा दिनों तक टिकेगी। वस्तु घर में शुभ प्रतीक होगा। धनतेरस के दिन की खरीददारी घर में सुख, समृद्धि का प्रतीक मानी जाती है।