घाटशिला उपचुनाव: तीर-धनुष और कमल फुल आमने-सामने, बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी
सोमेश चंद्र सोरेन ने शुक्रवार को घाटशिला अनुमंडल कार्यालय में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। इस दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, कांग्रेस अध्यक्ष और महागठबंधन के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए दिवंगत रामदास सोरेन की याद में उनके बेटे के प्रति विश्वास जताने और मजबूत मतदान कर जीत दिलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि घाटशिला विधानसभा उनका परिवार है, यहां मतदाता अपने भरोसे और निष्ठा से फैसला करेंगे। नामांकन के बाद महागठबंधन का काफिला सर्कस मैदान पहुंचा, जहां एक सभा आयोजित की गई।
वहीं भाजपा ने भी मुकाबले को चुनौतीपूर्ण बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन ने अपने नामांकन के साथ ही प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं के साथ जोरदार जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया। उनके साथ भाजपा विधायक चंपाई सोरेन, विधायक सरयू राय और आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।