(अपडेट) छत्तीसगढ़ के बीजापुर में मुठभेड़ में मारे गए सात लाख के दो इनामी नक्सलियाें की हुई शिनाख्त
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव ने बताया कि जिले के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में माओवादी कैडर की गतिविधियों की विश्वसनीय सूचना के आधार पर डीआरजी, एसटीएफ एवं कोबरा 202, 205 की टीम द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया गया। अभियान के दौरान 7 लाख रूपये के इनामी 2 नक्सलियों के शव बरामद हुए। मुठभेड़ में मारे गये दोनों नक्सली थाना बीजापुर क्षेत्रान्तर्गत 17जून 2025 को ग्राम पेद्दाकोरमा में 1 छात्र सहित कुल तीन ग्रामीणों की निर्मम हत्या करने, 29 अगस्त 2025 को ग्राम मनकेली में 1 ग्रामीण एवं 30 अगस्त 2025 को थाना गंगालूर क्षेत्रांतर्गत तोड़का निवासी शिक्षादूत कल्लू ताती की हत्या करने की घटना में शामिल थे।
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुन्दरराज पी. ने कहा कि बस्तर क्षेत्र में तैनात पुलिस एवं सुरक्षा बल क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं l उन्होंने नक्सली कैडरों से अपील की कि वे हिंसा का मार्ग त्यागें, निर्दोष नागरिकों और उनकी संपत्तियों को निशाना बनाना बंद करें। अब उनके सामने केवल एक ही रास्ता बचा है, सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा से जुड़ना और सम्मानजनक जीवन जीना।