वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन में मंदसौर जिले के दो लोगों की मौत, तीन घायल
बता दें कि मंदसौर जिले में मल्हारगढ़ विधानसभा क्षेत्र के भीलखेड़ी गांव से सात श्रद्धालु वैष्णो देवी दर्शन के लिए गए थे। फकीरचंद गुर्जर (50), उनकी पत्नी सोहन बाई (47), रतन बाई (65), देवीलाल (45), ममता (30), परमानंद (29) और अर्जुन (28) 23 अगस्त को पिपलिया मंडी रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा जम्मू निकले थे। इनमें से फकीरचंद और रतन बाई की भूस्खलन में मौत हो गई है। सोहन बाई, देवीलाल और ममता घायल हैं। कटरा के अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। परमानंद और अर्जुन लापता थे, जो गुरुवार सुबह मिल गए।
डिप्टी सीएम देवड़ा ने की थी जम्मू-कश्मीर प्रशासन से चर्चा
हादसे के बाद मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने जम्मू कश्मीर प्रशासन से चर्चा की थी। उन्होंने बुधवार को सोशल मीडिया एक्स पर लिखा था- मंदसौर के दो यात्रियों की दुखद मृत्यु का समाचार प्राप्त हुआ है। तीन यात्री घायल हैं। घटना को लेकर मंदसौर कलेक्टर एवं जम्मू कश्मीर प्रशासन से चर्चा हुई है। हम हरसंभव मदद के लिए तत्पर हैं।