सोनीपत:संगठनहीन कांग्रेस, विकासपथ पर भाजपा: मंत्री डॉ. शर्मा
सोनीपत:संगठनहीन कांग्रेस, विकासपथ पर भाजपा: मंत्री डॉ. शर्मा
सोनीपत, 7 जून (हि.स.)। गोहाना में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कांग्रेस पर
संवैधानिक जिम्मेदारियों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष का पद
अब तक खाली होना प्रदेश के लोकतांत्रिक ढांचे के लिए बाधा है। पत्रकारों से बातचीत
में शनिवार को उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संगठनात्मक कमजोरी उनका विषय हो सकता है,
परंतु नेता प्रतिपक्ष के बिना कई संवैधानिक प्रक्रियाएं अधूरी रह जाती हैं। कई नियुक्तियों
में नेता प्रतिपक्ष की भूमिका जरूरी होती है, इसलिए कांग्रेस को यह जिम्मेदारी निभानी
चाहिए।
पहरावर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव अवसर पर राज्य स्तरीय
समारोह में प्रदेश वासियों का धन्यवाद करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने
कहा कि पहरावर में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के राज्य स्तरीय समारोह ऐतिहासिक रहा।उन्होंने
कहा कि इस अवसर पर गौड़ ब्राह्मण विद्या प्रचारिणी सभा के तीसरे परिसर में चार शैक्षणिक
संस्थानों की आधारशिला रखी गई है। उन्होंने समाज से अपील की कि वे दिल व आत्मा से जुड़कर
इन परियोजनाओं को सफल बनाएं, क्योंकि यही भविष्य निर्माण की दिशा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्षों के कार्यकाल को संकल्प
से सिद्धि बताते हुए उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर देश को नई
पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से तीसरी
बार सत्ता में आई है और अब उनका दायित्व है कि वे घर-घर जाकर सरकार की योजनाओं का प्रचार
करें और पात्रों तक लाभ पहुंचाएं। अंत्योदय व एकात्म मानववाद के सिद्धांतों को आगे
बढ़ाते हुए हर वर्ग को लाभ पहुंचाना ही सरकार का लक्ष्य है। समारोह में पार्टी के वरिष्ठ
नेता व पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
—————