डेमोक्रेट सांसद एरिक स्वॉलवेल पर यौन उत्पीड़न का आरोप, देंगे इस्तीफा
सीबीएस न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, इस्तीफा देने के फैसले की घोषणा के साथ स्वॉलवेल का राजनीतिक जीवन पूरी तरह से ढह गया। लगभग चार महिलाओं ने उन पर यौन दुर्व्यवहार के आरोप लगाए। इन आरोपों में बलात्कार, अश्लील संदेश और नग्न तस्वीरें भेजना शामिल है। इस कांग्रेसी नेता ने रविवार को कैलिफोर्निया के गवर्नर पद के लिए अपना चुनाव अभियान भी समाप्त कर दिया।
अपने इस्तीफे की घोषणा में स्वॉलवेल ने अतीत में निर्णय लेने में हुई गलतियों के लिए माफी मांगी, साथ ही आरोपों का सामना करने का संकल्प भी लिया। एक पीड़ित महिला के बारे में पिछले शुक्रवार को सैन फ़्रांसिस्को क्रॉनिकल में छपी रिपोर्ट से आहत स्वॉलवेल ने कहा, “फिर भी मैंने जो गलतियां की हैं, उनके लिए मुझे जिम्मेदारी लेनी होगी और उन्हें स्वीकार करना होगा।”
महिला ने स्वॉलवेल पर आरोप लगाया कि 2019 और 2024 में वह बहुत ज्यादा नशे की हालत में थी। वह सहमति देने की स्थिति में भी नहीं थी। तब स्वॉलवेल ने उसके साथ यौन संबंध बनाए। इसके बाद तीन अन्य महिलाओं ने भी स्वॉलवेल के कथित यौन दुर्व्यवहार के बारे में विस्तार से बताया।
द्विदलीय हाउस एथिक्स कमेटी ने स्वॉलवेल के इस्तीफा देने की घोषणा से पहले कहा था कि वह स्वॉलवेल के खिलाफ जाँच कर रही है। स्वॉलवेल के इस्तीफे के साथ ही यह जांच बंद हो जाएगी। स्वॉलवेल का इस्तीफा ऐसे समय में आया है जब आरोपों के सामने आने के बाद कांग्रेस में उनके कुछ सबसे करीबी सहयोगियों ने भी उनसे दूरी बना ली है। स्वॉलवेल के करीबी एरिजोना के डेमोक्रेटिक सीनेटर रूबेन गैलेगो ने कहा कि उन्हें निष्कासित कर दिया जाना चाहिए। गैलेगो ने कहा, “मैंने जिस व्यक्ति पर भरोसा किया। जिसे मित्र माना। वह खराब आदमी निकला।”
स्वॉलवेल ने अपने इस्तीफा देने की कोई तारीख नहीं बताई है। यह उल्लेखनीय है कि हाउस ने अपने इतिहास में अब तक सिर्फ छह सदस्यों को बाहर निकाला है। फ्लोरिडा की रिपब्लिकन सांसद अन्ना पॉलिना लूना ने कहा कि स्वॉलवेल का इस्तीफा देने का फैसला सही है। लेकिन आपराधिक जांच की जरूरत बरकरार है। मैनहैटन डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी के कार्यालय ने रविवार को कहा था कि वह स्वॉलवेल के खिलाफ लगे आरोपों की जांच कर रहा है।
एरिक स्वॉलवेल प्रमुख राजनीतिज्ञ हैं। वह 2013 से अमेरिकी कांग्रेस के सदस्य हैं (पहले 15वें और अब 14वें जिले से)। उन्होंने हाउस इंटेलिजेंस, ज्यूडिशियरी और होमलैंड सिक्योरिटी समितियों में काम किया है। वह डोनाल्ड ट्रंप के पहले और दूसरे महाभियोग की जांच में सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। वह 2020 में राष्ट्रपति पद के लिए डेमोक्रेटिक उम्मीदवार के रूप में भी मैदान में उतरे थे। आयोवा में 16 नवंबर, 1980 को जन्मे एरिक पूर्व अभियोजक हैं।