सूरजपुर : 12 किलो गांजे के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार
सूरजपुर : 12 किलो गांजे के साथ तीन आरोपित गिरफ्तार
सूरजपुर, 20 मई (हि.स.)। जिले के डीआईजी व एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने जिले के थाना-चौकी प्रभारियों को नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरूद्व सख्त कार्रवाई करते एवं क्षेत्र में सक्रिय मुखबिर का जाल फैलाने के निर्देश दिए थे। जिसके बाद से ही जिले की पुलिस नशीली पदार्थ के गोरख धंधे पर सतत् निगाह बनाए हुए है और लगातार कार्रवाई करने में लगी हुई है।
इसी तारतम्य में आज मंगलवार को थाना भटगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति उड़ीसा की ओर से भारी मात्रा में मादक पदार्थ गांजा लेकर बस से दतिमा पहुंचा है और वहां से अपने दो साथियों के साथ मोटरसाइकिल से गांजा खपाने कंरौदामु़ड़ा की ओर जाने वाला है।
सूचना पर थाना भटगांव की पुलिस ने ग्राम लक्ष्मीपुर में घेराबंदी कर मोटरसाइकिल सहित कर्मवीर पाटले (24 वर्ष), फैजान रजा (35 वर्ष) दोनों पुलिस चौकी बसदेई निवासी और आरिफ रजा (26 वर्ष) को पकड़ा गया। उनके कब्जे से 12.240 किलो गांजा बरामद किया गया। जिसको कुल कीमत 2.50 लाख रूपये आंकी गई है। पूछताछ में अन्य आरोपितों की संलिप्तता होने की सूचना मिली है। जिनकी पुलिस तलाश कर रही है।
भटगांव पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर आज मंगलवार को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी भटगांव सरफराज फिरदौसी, प्रधान आरक्षक भुनेश्वर केरकेट्टा, आरक्षक दिनेश ठाकुर, रजनीश पटेल, प्रकाश साहू, वाहिद हुसैन सहित साइबर की टीम सक्रिय रहे।
—————