चंबा में खुले पैरामिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अमित शाह से उठाई मांग
चंबा में खुले पैरामिलिट्री ट्रेनिंग सेंटर सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने अमित शाह से उठाई मांग
शिमला, 20 मई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश से भाजपा सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से दिल्ली स्थित उनके कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों से जुड़े सुरक्षा पहलुओं पर विशेष रूप से चर्चा की। डॉ. भारद्वाज ने बताया कि चंबा जिले के डलहौजी और चुराह विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं जम्मू-कश्मीर से सटी हैं जो संवेदनशील मानी जाती हैं। इन क्षेत्रों में तैनात विशेष पुलिस अधिकारी (एसपीओ) सीमित मानदेय में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उन्होंने इन एसपीओ के मानदेय में बढ़ोतरी की मांग को गृह मंत्री के समक्ष प्रमुखता से उठाया।
डॉ. भारद्वाज ने कहा कि चंबा जिले की भौगोलिक स्थिति और सामरिक दृष्टिकोण से यह क्षेत्र अत्यंत संवेदनशील है। ऐसे में यहां एक स्थायी पैरामिलिट्री फोर्स ट्रेनिंग सेंटर की स्थापना की जानी चाहिए। इससे क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी व स्थानीय युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिल सकेंगे।
सांसद ने बताया कि गृह मंत्री अमित शाह ने हिमाचल के सीमावर्ती इलाकों से जुड़ी इन दोनों अहम मांगों पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार इस दिशा में सहानुभूतिपूर्वक विचार कर रही है और जल्द ही सकारात्मक निर्णय लिए जा सकते हैं।
—————