तिरंगा यात्रा के जरिए सेना को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
तिरंगा यात्रा के जरिए सेना को दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि
पश्चिम सिंहभूम, 20 मई (हि.स.)। पश्चिम सिंहभूम के जगन्नाथपुर में मंगलवार को ऑपरेशन सिंदूर की सफलता पर एक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।
यह यात्रा युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई, जिसमें हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया। लोगों के हाथों में लहराते तिरंगे वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारों से आसमान गूंज उठा।
इस मौके पर पूर्व सांसद गीता कोड़ा ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने यह सिद्ध कर दिया है कि भारत अपनी माताओं-बहनों के सम्मान और देश की अस्मिता के लिए हर स्तर पर जवाब देने में सक्षम है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संकल्प की याद दिलाई, जिसमें उन्होंने कहा था कि हमारी बहनों का सिंदूर छीनने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस तिरंगा यात्रा में प्रमुख रूप से भरत गोप, राई भूमिज, सुशीला नायक, रोशन निषाद, मनीष गुप्ता, पिंटु सिंह, देवदास पान, चांदनी देवी, प्रिया कुमारी गुप्ता, स्वाति मानकी, अंजली कुमारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
यात्रा का समापन सेना को सामूहिक सलामी और राष्ट्र की रक्षा की शपथ के साथ हुआ।
—————