संसदीय कार्य मंत्री की कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति से दूर रहने की नसीहत
संसदीय कार्य मंत्री की कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति से दूर रहने की नसीहत
जोधपुर, 19 मई (हि.स.)। संसदीय कार्य, विधि एवं विधिक कार्य मंत्री जोगाराम पटेल ने प्रदेश कांग्रेस प्रमुख गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली के ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत की विदेश नीति पर सवाल उठाने के मामले में पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति नहीं करनी चाहिए।
सोमवार को सर्किट हाउस में मीडिया से अनौपचारिक बात करते हुए जोगाराम पटेल ने गोविंद सिंह डोटासरा की ओर से ऑपरेशन सिंदूर को लेकर भारत की विदेश नीति को लेकर दिए गए बयान पर कहा कि कोई देश लिखित में समर्थन या विरोध नहीं करता है। एक भी देश ने भारत की कार्रवाई का खंडन नहीं किया है। इसे गलत नहीं बताया। सभी देश आतंकवाद के खिलाफ हैं। मंत्री पटेल ने कहा कि तुर्किये का बहिष्कार लगातार जारी रहेगा। पाकिस्तान को तुर्की ने अपने ड्रोन दिए थे, ऐसे में उसको इसका परिणाम भुगतना पड़ेगा।
हमारे व्यापारी और देश के लोग लगातार बहिष्कार जारी रखेंगे। डोटासरा की ओर से एसआई भर्ती रद्द करने के मामले में दिए गए बयान पर जोगाराम ने कहा कि आरएसएस का इस भर्ती से कोई लेना देना नहीं है। वह राष्ट्रभक्ति से जुड़ा संगठन है। कांग्रेस को नकारात्मक राजनीति नहीं करनी चाहिए। कोर्ट पर टिप्पणी नहीं करूंगा, लेकिन भर्ती पर सरकार नियमानुसार कार्रवाई करेगी।