बैतूलः थार की टक्कर से घायल बुजुर्ग को नहीं मिली एंबुलेंस, हाथठेले पर ले गए अस्पताल
बैतूलः थार की टक्कर से घायल बुजुर्ग को नहीं मिली एंबुलेंस, हाथठेले पर ले गए अस्पताल
मुलताई, 11 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई नगर में जयस्तंभ चौक पर रविवार सुबह एक थार कार ने 60 साल के बुजुर्ग को टक्कर मार दी। घायल लक्ष्मीचंद साहू गणेश मंदिर के सामने सड़क पार कर रहे थे। टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस सेवा को कॉल किया। लेकिन एंबुलेंस उपलब्ध नहीं थी। स्थानीय निवासी उमेश खंडेलवाल और अन्य लोगों ने ठेले का इंतजाम किया। घायल बुजुर्ग को ठेले पर स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। लक्ष्मीचंद साहू की हालत स्थिर बताई जा रही है। हादसे के बाद थार कार का चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। फरार वाहन और चालक की तलाश जारी है।
प्रत्यक्षदर्शी उमेश खंडेलवाल ने बताया कि कार सवार तेजी में था और उन्होंने लक्ष्मी साहू को टक्कर मारी और तुरंत ही मौके से फरार हो गया। लोगों ने लक्ष्मी चंद साहू की मदद की और फिर ठेले का इंतजाम किया। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस सेवा की अनुपलब्धता पर नाराजगी जताई है। प्रशासन से मांग की जा रही है कि जयस्तंभ चौक पर ट्रैफिक नियंत्रण के उपाय किए जाएं। साथ ही 108 एंबुलेंस सेवाओं की उपलब्धता में सुधार किया जाए।