News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

फरीदाबाद : फीस बढ़ाने पर भडक़े अभिभावक, स्कूल के आगे किया प्रदर्शन

फरीदाबाद : फीस बढ़ाने पर भडक़े अभिभावक, स्कूल के आगे किया प्रदर्शन

फरीदाबाद, 4 अप्रैल (हि.स.)। जवाहर कालोनी साठ फुट रोड स्थित श्री राम सीनियर सैकेंडरी स्कूल प्रबंधन द्वारा फीस में वृद्धि किए जाने के विरोध में शुक्रवार को अभिभावकों ने स्कूल के समक्ष प्रदर्शन किया और अपना रोष जाहिर किया। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और उन्होंने अभिभावकों को समझाने का प्रयास किया। स्कूल द्वारा फीस वृद्धि किए जाने पर भारी संख्या में बच्चों के माता-पिता स्कूल पहुंचे और स्कूल के बाहर प्रदर्शन किया। अवदेश नामक अभिभावक ने बताया कि स्कूल ने फीस में 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। ऐनुअल फीस में पैसे बढ़ा दिए गए हैं। कोविड काल में भी उन्होंने स्कूलों की फीस भरी थी। लगातार स्कूल फीस बढ़ा रहा है। जिससे बच्चों को स्कूल में पढ़ाई कराना उनके लिए मुश्किल हो रहा है। अभिभावकों ने कहा कि स्कूल के द्वारा साल में दो बार उनसे पेपर फीस ली जा रही है। दो बार में उनसे 1400 रूपए लिए जाते हैं, अभिभावकों ने कहा कि दो बार फीस लेकर उनकी जेब ढीली की जा रही है। पिछले कई दिनों से वह स्कूल के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन स्कूल की तरफ से उनको कोई आश्वासन नहीं दिया गया है। बच्चों के पेरेंट्स ने स्कूल पर बच्चों को जबरन प्रयोग में न आने वाली स्टेशनरी देने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि किताबों के साथ बच्चों को ऐसी स्टेशनरी दे दी जाती है, जो पूरे साल प्रयोग में नहीं आती है। ऐसे में माता-पिता की जेब पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है। जिला शिक्षा अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी उनको नहीं है। स्कूल के द्वारा इस तरह से फीस बढ़ाई गई है, तो वह पूरी तरह से गलत है। जानकारी लेकर नियम के मुताबिक कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply