जिला जेल सूरजपुर में बंदियों को दी गई निःशुल्क कानूनी सहायता और उनके अधिकारों की जानकारी
सूरजपुर, 18 नवंबर । सूरजपुर जिला जेल सूरजपुर में निरुद्ध बंदियों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराने और उनकी समस्याओं के निराकरण के उद्देश्य से विधिक जागरूकता एवं निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों और अधिवक्ताओं ने बंदियों से संवाद कर उनकी स्वास्थ्य, रहन-सहन और कानूनी समस्याओं की जानकारी ली।
कार्यक्रम में जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश तथा फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालय सूरजपुर के न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल, चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हृदय नारायण श्रीवास्तव, अन्य लीगल एड डिफेंस काउंसिल अधिवक्ता और पैनल अधिवक्ता उपस्थित रहे। यह कार्यक्रम एंपावर्ड कमेटी के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य निर्धन, दंडित और विचाराधीन बंदियों को गुणवत्तापूर्ण निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाना है।
निरीक्षण के दौरान न्यायाधीश आनंद प्रकाश वारियाल ने जेल के विभिन्न बैरकों का जायजा लिया और बंदियों से सीधे बातचीत की। उन्होंने उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन और अन्य समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
विधिक जागरूकता कार्यक्रम में उन्होंने बंदियों को बताया कि, आर्थिक या अन्य कारणों से जो लोग अपने खर्च पर अधिवक्ता नियुक्त करने में सक्षम नहीं हैं, उन्हें परेशान होने की जरूरत नहीं है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और लीगल एड डिफेंस काउंसिल की टीम जरूरतमंद बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्यरत है। जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं हैं, वे जेल अधीक्षक के माध्यम से या जेल में आने वाले लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ताओं और लीगल एड क्लिनिक के जरिए अपनी आवश्यकता बता सकते हैं।
उन्होंने बंदियों को उनके विधिक अधिकारों, जमानत से जुड़े प्रावधानों और निःशुल्क विधिक सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही बताया कि, पहली बार अपराध में संलिप्त व्यक्तियों के मामलों में जमानत से संबंधित सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालयों के दिशा-निर्देशों एवं कानूनी प्रावधानों का लाभ लेने के लिए भी विधिक सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में बंदियों से उनकी व्यक्तिगत और कानूनी समस्याओं की जानकारी लेकर उनके निराकरण के लिए आवश्यक विधिक परामर्श एवं मार्गदर्शन दिया गया। इस अवसर पर जेल अधीक्षक सहित जेल के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
