News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Himachal Pradesh

सेना पर टिप्पणी से भड़के विपक्ष ने किया वाकआउट, नारेबाजी करते सदन से बाहर आए भाजपा विधायक

धर्मशाला, 19 नवंबर । हिमाचल प्रदेश विधानसभा के शीत सत्र के चौथे दिन वीरवार को ऑपरेशन सिंदूर, राफेल सौदे और भारतीय सेना को लेकर मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी पर सदन में जमकर हंगामा हुआ। मंत्री के बयान से नाराज विपक्षी भाजपा विधायकों ने सदन में नारेबाजी की और विरोध जताते हुए वाकआऊट किया। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंत्री पर भारतीय सेना का अपमान करने का आरोप लगाते हुए मंत्री जगत नेगी से सदन में माफी मांगने की मांग की।

जयराम ठाकुर ने कहा कि मंत्री जगत सिंह नेगी पिछले चार-पांच दिनों से लगातार विवादित बयान दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्री अब सरकार के नियंत्रण से बाहर हो चुके हैं। संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने वाले मंत्री की ओर से देश की सेना के खिलाफ बार-बार टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान राफेल विमानों की भूमिका और सौदे को लेकर मंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। विपक्ष की ओर से भारतीय सेना की कार्रवाई का जिक्र किए जाने पर मंत्री ने ऐसी टिप्पणी की, जिसे भाजपा ने सेना का अपमान करार दिया है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भारतीय सेना की बदौलत देश सुरक्षित है। सेना ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है और पूरी दुनिया में उसका सम्मान बढ़ा है। ऐसे में विधानसभा जैसे गरिमामय सदन में सेना की भूमिका पर इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जा सकती।

उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष से मंत्री की विवादित टिप्पणी को सदन की कार्यवाही से हटाने की मांग की गई है। मुख्यमंत्री से भी सवाल किया कि सेना के खिलाफ बार-बार बयान देने के बावजूद मंत्री को मंत्रिमंडल में क्यों बनाए रखा गया है। भाजपा की मांग है कि जगत सिंह नेगी सदन में माफी मांगें और उनकी विवादित टिप्पणी को कार्यवाही से हटाया जाए। माफी नहीं मांगने पर विपक्ष इस मुद्दे को दोबारा सदन में उठाएगा।

Leave a Reply