News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Jharkhand

तीन दिन से लापता दो वर्षीय बच्ची का नाले से मिला शव, पुलिस हिरासत में मामा

पश्चिमी सिंहभूम, 14 नवंबर । पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के नरसंडा गांव में 11 नवंबर से लापता दो वर्षीय बच्ची का शव शनिवार को नरसंडा नाला से बरामद किया गया। पुलिस ने बच्ची के मामा समीर पान को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, उसकी निशानदेही पर नाला से शव बरामद किया गया। बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बच्ची की मां कस्तूरी दास 25 अक्टूबर को अपनी दो वर्षीय बेटी मिस्टी रानी के साथ लक्ष्मी पूजा देखने नरसंडा स्थित मायके आई थीं। इसी दौरान 11 नवंबर को बच्ची का मामा समीर पान उसे दुकान ले जाने की बात कहकर अपने साथ ले गया। काफी देर तक बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

परिजनों ने आसपास के इलाकों, रिश्तेदारों और अन्य संभावित स्थानों पर बच्ची को खोजा, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने मुफ्फसिल थाना पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी विनोद कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और बच्ची के मामा समीर पान से पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने समीर पान की निशानदेही पर नरसंडा नाला में बच्ची की तलाश की। इसी दौरान उसका शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना पर मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समीर पान पुलिस हिरासत में है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस बच्ची की मौत के कारणों और शव नाला तक पहुंचने की परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। मामले के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है।—–

Leave a Reply