भुसुर और तिलमी में पारंपरिक उत्साह के साथ मना सोहराय डाईर जतरा
खूंटी, 10 नवंबर । कर्रा प्रखंड की उड़ीकेल पंचायत के भुसुर और डहकेला पंचायत के तिलमी गांव में सोहराय डाईर जतरा का आयोजन मंगलवार को पारंपरिक उत्साह और हर्षोल्लास के साथ किया गया।
इस दौरान आदिवासी संस्कृति, लोकपरंपरा और सामाजिक एकजुटता की अनूठी झलक देखने को मिली। जतरा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्य का आनंद उठाया।
कार्यक्रम की शुरुआत रघु पहान और उनके सहयोगियों की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार पूजा-अर्चना के साथ हुई। उन्होंने सिंगबोंगा से गांव, समाज और क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसमें गायक अनिष महली, अनिता बाड़ा, मनीषा लकड़ा, मंगल कुमार, एमजे मजनू, अजय देवघरिया और सुहाना देवी सहित अन्य कलाकारों ने नागपुरी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। वहीं, गांव की खोड़हा टीमों ने पारंपरिक लोकनृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। कलाकारों की प्रस्तुति पर लोग देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद सदस्य जोरोंग आईंद ने फीता काटकर जतरा और सांस्कृतिक कार्यक्रम का उद्घाटन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में उड़ीकेल पंचायत के मुखिया क्षत्री हेमरोम, पंचायत समिति सदस्य पौलूस होरो और लिमडा पंचायत सदस्य विनोद उरांव उपस्थित थे।
इस अवसर पर जोरोंग आईंद ने कहा कि सोहराय डाईर जतरा केवल मेला या मनोरंजन का आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी संस्कृति, परंपरा और कृषि जीवन का प्रतीक है।
यह पर्व किसानों की मेहनत, प्रकृति के प्रति आभार और पशुधन के सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने लोगों से अपनी पारंपरिक संस्कृति और रीति-रिवाजों को अगली पीढ़ी तक संरक्षित रखने की अपील की।
जतरा को सफल बनाने में अध्यक्ष राकेश तिर्की, सचिव जोन तिर्की, कोषाध्यक्ष सुधीर कच्छप, सुकरा खालखो, महादेव टोप्पो सहित ग्रामीणों का योगदान रहा।
