उपायुक्त ने एएनएम ट्रेनिंग स्कूल का किया निरीक्षण, आधारभूत सुविधाएं बेहतर बनाने के दिए निर्देश
पश्चिमी सिंहभूम, 15 नवंबर । उपायुक्त मनीष कुमार ने रविवार को चाईबासा सदर अस्पताल परिसर स्थित एएनएम ट्रेनिंग स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान की आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्हें बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए।
उपायुक्त ने भवन, कक्षाओं, प्रयोगशाला, छात्राओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं और पूरे परिसर की स्थिति का निरीक्षण किया। साथ ही चिह्नित कमियों को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने को कहा, जिससे कि छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और जरूरी सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान भवन में सीपेज की समस्या सामने आने पर उपायुक्त ने इसके स्थायी समाधान के लिए आवश्यक मरम्मत कराने का निर्देश दिया। उन्होंने बाथरूम में पानी के सुचारु प्रवाह की व्यवस्था दुरुस्त करने, परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने और जल निकासी की समस्या दूर करने के लिए सोक पिट का निर्माण कराने को कहा।
उपायुक्त ने एएनएम प्रशिक्षण को अधिक आधुनिक और प्रभावी बनाने के लिए स्मार्ट प्रोजेक्टर और कंप्यूटर जैसे शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने छात्राओं की सुरक्षा और परिसर की निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा छात्राओं के लिए पर्याप्त संख्या में बेड और गुणवत्तापूर्ण गद्दों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए प्रशिक्षित और दक्ष स्वास्थ्यकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसलिए एएनएम प्रशिक्षण संस्थान में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के साथ आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान सामने आई सभी कमियों और आवश्यकताओं पर समयबद्ध तरीके से कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान सिविल सर्जन, अस्पताल उपाधीक्षक, भवन प्रमंडल के अभियंता, प्रशिक्षण स्कूल की शिक्षिकाएं तथा संबंधित पदाधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।————
