वायु सेना अधिकारी के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए मंजूरी लेने का निर्देश
नई दिल्ली, 13 नवंबर । दिल्ली के पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को विंग कमांडर मनोरथ सिंह सभरवाल के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए सक्षम प्राधिकारी से जरूरी मंजूरी लेने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने संबंधित डीसीपी को मंजूरी की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया है। मामले की अगली सुनवाई 5 दिसंबर को होगी।
सभरवाल को भारतीय वायु सेना की संवेदनशील जानकारी पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों के साथ साझा करने के आरोप में 30 मई को गिरफ्तार किया गया था। दिल्ली पुलिस की चार्जशीट के मुताबिक 12 जनवरी से 1 अप्रैल के बीच वह एक ‘हनीट्रैप’ के जरिए पाकिस्तानी एजेंट के संपर्क में था। सभरवाल पर आरोप है कि उसने लेह में लड़ाकू विमानों की तैनाती, सूरतगढ़ की महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में सैन्य अभ्यास और एक गोपनीय ड्रोन यूनिट से जुड़ी संवेदनशील जानकारी साझा की।
पुलिस का यह भी आरोप है कि एजेंट के कहने पर उसने अपने पांच अधीनस्थ अधिकारियों के मोबाइल फोन में मैलवेयर या स्पाइवेयर इंस्टॉल कर दिया था, जिससे संवेदनशील डेटा और आधिकारिक बातचीत के लीक होने का खतरा पैदा हो गया। चार्जशीट के मुताबिक सभरवाल ने एक संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव से ‘न्यूड तस्वीर’ मिलने के बाद ‘सीक्रेट वॉर प्लान’ का एक पन्ना अपलोड किया और यह भी कहा कि हर न्यूड तस्वीर के बदले वह वॉर प्लान का एक नया पन्ना देगा।
चार्जशीट में सभरवाल और संदिग्ध ऑपरेटिव के बीच हुई बातचीत का पूरा विवरण दिया गया है। चार्जशीट में कहा गया है कि व्हाट्स ऐप पीएमपी डेटा के विश्लेषण से पता चलता है कि अधिकारी और संदिग्ध पाकिस्तानी ऑपरेटिव के बीच कुल 3,008 टेक्स्ट मैसेज , 65 तस्वीरें, 65 रिएक्शन, 42 वॉयस कॉल, 4 वीडियो कॉल और 6 यूआरएल का आदान-प्रदान हुआ।
