News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

News Chetna
Uttarakhand

तेज होगा ‘वोट बचाओ’ अभियान: दीपक राठौड़

हल्द्वानी, 25 अक्टूबर । कांग्रेस के ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ अभियान के पर्यवेक्षक दीपक राठौड़ ने रविवार को कहा कि एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली के बाद उत्तराखंड में अभियान तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक के मताधिकार की रक्षा जरूरी है।

हल्द्वानी स्थित होटल सौरभ में प्रेसवार्ता में राठौड़ ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान हटाए गए पात्र मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए कांग्रेस के वोट रक्षक पोर्टल का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) को प्रशिक्षण दिया जाएगा। विधानसभा स्तर पर चौपालों के आयोजन और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत कर मिशन 2027 की तैयारियों को गति दी जाएगी।

विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि मतदाता सूची पारदर्शी होनी चाहिए, लेकिन किसी पात्र मतदाता का नाम गलत तरीके से नहीं कटना चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड में लगभग 10 लाख मतदाताओं के नाम हटाए जाने के विषय की पारदर्शी समीक्षा की मांग की। ईवीएम की विश्वसनीयता पर उन्होंने प्रतिष्ठित आईआईटी संस्थानों और स्वतंत्र विशेषज्ञों से तकनीकी जांच कराने का सुझाव दिया।

अखिलेश यादव के एक बयान पर हृदयेश ने कहा कि दूसरे प्रदेश में रहने या रोजगार करने वाले भारतीय नागरिक को घुसपैठिया कहना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस विषय पर उनके विचार व्यक्तिगत हैं। प्रेसवार्ता के बाद कांग्रेस नेताओं और बीएलए-1 की बैठक में मतदाता सूची संबंधी समस्याओं, पोर्टल के उपयोग और संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने पर चर्चा हुई।

Leave a Reply