शंखनाद से मां दुर्गा का स्वागत,गूंजे ढाक और घंटियां
देहरादून, 15 अक्टूबर । दुर्गा पूजा के अवसर पर गुरुवार को देहरादून स्थित जल वायु टावर्स में सामूहिक शंखनाद के साथ मां दुर्गा का स्वागत किया गया। दुर्गा पूजा समिति एवं कल्चरल एसोसिएशन की ओर से सामुदायिक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
‘शंखनाद से मां का स्वागत’ कार्यक्रम दोपहर तीन बजे शुरू हुआ। इस दौरान सोसाइटी के निवासियों ने एक साथ शंख बजाकर मां दुर्गा का आह्वान किया। ढाक की थाप और घंटियों की ध्वनि से पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम में लाल और सफेद पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने सामूहिक शंखध्वनि में भाग लिया। बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों ने भी उत्साह के साथ आयोजन में सहभागिता की।
आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य सांस्कृतिक विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ समुदाय में आपसी एकता और भाईचारे को मजबूत करना है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पारंपरिक रीति-रिवाजों के संरक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देते हैं। कार्यक्रम का समापन ‘जय मां दुर्गा’ के जयघोष के साथ हुआ। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
