रांची के अपर बाजार में सिगरेट एजेंसी में चोरी, 20 लाख से अधिक के माल और कैश पर हाथ साफ
रांची, 27 सितंबर । राजधानी रांची के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित अपर बाजार में चोरों ने एक बार फिर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देते हुए चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। चोरों ने एक सिगरेट एजेंसी को निशाना बनाते हुए 20 लाख रुपये से अधिक कीमत के सिगरेट के कार्टन और एजेंसी में रखा कैश लेकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके के कारोबारियों में चिंता का माहौल है।
एजेंसी के मालिक विनायक कुमार के अनुसार, चोरों ने एजेंसी में प्रवेश करने के लिए एक-दो नहीं, बल्कि पांच से अधिक ताले तोड़े। इसके बाद वे अंदर दाखिल हुए और वहां रखे सिगरेट के कार्टन को अपने कब्जे में ले लिया। चोरों ने एजेंसी में मौजूद नकदी पर भी हाथ साफ किया। प्रारंभिक स्टॉक मिलान में चोरी गए सिगरेट की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। हालांकि, कैश समेत कुल नुकसान का वास्तविक आकलन स्टॉक और नकदी का पूरा मिलान होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पूरी वारदात एजेंसी में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में दो संदिग्ध चोरों की गतिविधियां सामने आई हैं। दोनों ने पहचान छिपाने के लिए चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस को उम्मीद है कि फुटेज के अलावा घटनास्थल से मिले सुरागों के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। एफएसएल की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। इसके अलावा पुलिस आसपास लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों के आने-जाने के रास्ते और संभावित वाहन की जानकारी हासिल की जा सके।
अपर बाजार रांची का प्रमुख थोक कारोबारी क्षेत्र है, जहां बड़ी संख्या में दुकानें और गोदाम हैं। ऐसे व्यस्त कारोबारी इलाके में लाखों रुपये की चोरी की घटना से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कारोबारियों का कहना है कि चोरी की घटनाओं से व्यापारियों के बीच असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है और बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत है।
कोतवाली थाना प्रभारी सनोज चौधरी ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारी के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।————–