मानव-वन्यजीव संघर्ष पीड़ितों को मुआवजा दिलाने के लिए जागरूकता अभियान
खूंटी, 15 सितंबर । मानव-वन्यजीव संघर्ष से प्रभावित लोगों को उनके अधिकार, मुआवजा और विधिक सहायता की जानकारी देने के उद्देश्य से मंगलवार को रनिया प्रखंड की ताम्बा पंचायत के ग्राम ताम्बा में जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान झालसा, रांची के निर्देशन और जिला विधिक सेवा प्राधिकार, खूंटी के अध्यक्ष-सह-प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन में नालसा योजना के तहत आयोजित किया गया।
अभियान के दौरान ग्रामीणों को मानव-वन्यजीव संघर्ष से होने वाले नुकसान तथा ऐसी परिस्थितियों में उपलब्ध मुआवजा और कानूनी सहायता की जानकारी दी गई। विशेष रूप से जंगली हाथियों से मकान, फसल और संग्रहित अनाज को होने वाले नुकसान के मामलों में पीड़ित परिवारों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत संबंधित विभाग में आवेदन कर मुआवजा प्राप्त करने के लिए जागरूक किया गया।
ग्रामीणों को बताया गया कि वन्यजीवों के कारण संपत्ति या फसल को नुकसान होने पर समय पर संबंधित विभाग को सूचना दें और आवश्यक आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। साथ ही, किसी भी प्रकार की कानूनी सहायता की जरूरत होने पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार से संपर्क करने की अपील की गई।
अभियान के दौरान पैनल अधिवक्ता ममता सिंह तथा पीएलवी चांदमनी तुबीद और दुलारी कंडुलना ने ग्रामीणों से संवाद किया और नालसा योजना के उद्देश्यों एवं इसके तहत उपलब्ध सहायता की जानकारी दी।———–