News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

कांग्रेस नेता ब्लॉक अध्यक्षों को भ्रष्टाचार, गुटबाजी और लूट का प्रशिक्षण दे रहे : टेकेश्वर जैन

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता जैन ने कहा कि कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व में केवल एक-दूसरे की टांग खिंचाई, गुटबाजी और पद की लालसा बची है। जिस पार्टी के प्रदेश स्तरीय नेता मंचों पर और बंद कमरों में एक-दूसरे के खिलाफ षड्यंत्र रचते हैं, वे आज बस्तर की शांत धरा पर कार्यकर्ताओं को नैतिकता और संगठन का पाठ पढ़ाने का ढोंग कर रहे हैं। हकीकत यह है कि कांग्रेस का यह शिविर प्रशिक्षण के लिए नहीं, बल्कि हार की हताशा छुपाने और अपनी अंदरूनी गुटबाजी को दबाने की विफल कोशिश है।

जैन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पहले यह स्पष्ट करे कि क्या इस शिविर में ब्लॉक अध्यक्षों को यह सिखाया जा रहा है कि जनता से झूठे वादे कैसे किए जाते हैं और सत्ता मिलते ही उन्हें कैसे भुलाया जाता है? क्या वहां पीएससी जैसे घोटालों से युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने और सट्टेबाजी के तंत्र को संरक्षण देने के गुर सिखाए जा रहे हैं? क्या बस्तर के भोले-भाले आदिवासियों के अधिकारों पर डाका डालने और धर्मांतरण को बढ़ावा देने की रणनीति बनाई जा रही है? श्री जैन ने कहा कि कांग्रेस चाहे जगदलपुर में शिविर लगा ले या कहीं और, प्रदेश की जनता अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है। भाजपा की विष्णुदेव साय सरकार आज गांव, गरीब, किसान और युवाओं के कल्याण के लिए पारदर्शी नीति के साथ काम कर रही है, जिससे कांग्रेस पूरी तरह बौखला गई है।

Leave a Reply