News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Sports

एशियाई खेल में मुक्केबाज अंकुश का पदक पक्का, सेमीफाइनल में पहुंचे

आइची-नागोया (जापान), 27 सितंबर । भारतीय मुक्केबाज अंकुश पंघाल ने मुक्केबाजी में देश के लिए एक पदक पक्का कर लिया है। पंघाल ने आइची-नागोया 2026 एशियाई खेलों में पुरुषों के 80 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने रविवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलिमोव को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से हरा दिया।

भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) मीडिया ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि ‘एशियाई खेल बॉक्सिंग (पुरुषों का 80 किग्रा – क्वार्टर फाइनल) में अंकुश ने ताजिकिस्तान के नेक्रुज सलिमोव को 5-0 (सर्वसम्मत फैसले) से हराया और सेमीफाइनल में जगह बनाई। इससे भारत के लिए एक पदक पक्का हो गया। अंकुश का सेमीफाइनल मुकाबला 29 सितंबर को सुबह 11 बजे (भारतीय समयानुसार) होगा।

हरियाणा के अंकुश ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया और सलिमोव पर लगातार दबाव बनाए रखा। ताजिकिस्तानी मुक्केबाज ने जवाबी हमले की कोशिश की, लेकिन अंकुश की गति और सटीक पंचों के सामने वह प्रभावी नहीं दिखे। पहले राउंड में पांचों जजों ने अंकुश के पक्ष में फैसला दिया।

दूसरे राउंड में भी अंकुश ने अपनी तेज-तर्रार शैली जारी रखी। उन्होंने लगातार आक्रमण करते हुए सलिमोव को कई प्रभावी पंच लगाए और यह राउंड भी अपने नाम किया।

तीसरे और अंतिम राउंड में ताजिकिस्तान के मुक्केबाज ने अपनी गति बढ़ाई और कुछ पंच लगाए। उन्होंने यह राउंड 4-1 से जीतने में सफलता हासिल की, लेकिन शुरुआती दो राउंड में अंकुश की बढ़त इतनी मजबूत थी कि फैसला सर्वसम्मति से भारतीय मुक्केबाज के पक्ष में गया।

Leave a Reply