पारिवारिक मामले में समझोता करवाने आई महिला अधिवक्ता के साथ गाली गलौज कर रेप करने की धमकी, दो के खिलाफ मुकदमा दर्ज
नोएडा, 27 सितंबर । थाना सेक्टर-24 क्षेत्र के एक मॉल में दंपति के बीच सुलह कराने दिल्ली से आई महिला अधिवक्ता का दो लोगों से विवाद हो गया। अधिवक्ता ने दोनों पर जान से मारने और दुष्कर्म करने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना सेक्टर 24 के प्रभारी निरीक्षक उमेश नैथानी ने रविवार काे बताया कि पूर्वी दिल्ली की एक कॉलोनी की रहने वालीं अधिवक्ता ने पुलिस शिकायत की है कि पिछले दिनों हरिद्वार के रहने वाले एक दंपति के बीच वैवाहिक विवाद होने का केस उनके पास आया। वह दोनों पक्षों के बीच समझौता कराने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने दोनों पक्षों को सेक्टर-24 स्थित एक मॉल के एक रेस्तरां में बातचीत के लिए बुलाया था।
आरोप है कि वहां पर वधू पक्ष की ओर से हरिद्वार कनखल के रहने वाले ओपी शर्मा और सेक्टर-52 के सुरेश शर्मा भी आए। दोनों ने मिलकर समझौते को तोड़ने का प्रयास किया, जबकि दंपति सुलह करने के लिए राजी थे। इसका विरोध करने पर दोनों आरोपी नाराज हो गए। आरोप है कि दोनों ने सरेआम महिला अधिवक्ता को आपत्तिजनक शब्द बोले। उन्हें जान से मारने और दुष्कर्म करने की धमकी दी। बीच में आने पर वर पक्ष से लड़के को भी थप्पड़ मारा। पीड़िता को अपने साथ अनहोनी होने का डर सता रहा है। पीड़िता ने पुलिस से शिकायत की।
थाना प्रभारी का कहना है कि पीड़िता की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ आज शाम को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के संबंध में सीसीटीवी फुटेज भी एकत्र की जा रही है।