डीटीसी हड़ताल पर रोक की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दाखिल
नई दिल्ली, 22 सितंबर । दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की हड़ताल पर रोक की मांग करने वाली एक याचिका दिल्ली उच्च न्यायालय में दायर की गई है। मुख्य न्यायाधीश डीके उपाध्याय की अध्यक्षता वाली बेंच इस याचिका पर कल यानि 23 सितंबर को सुनवाई कर सकती है।
एक वकील अमी सिसोदिया ने याचिका दायर की है। याचिका में डीटीसी के कर्मचारियों की चल रही हड़ताल से यात्रियों को हो रही परेशानी पर चिंता जताई गई है। याचिका में कहा गया है कि सार्वजनिक बसों के परिचालन से जुड़े ड्राइवर, कंडक्टर और दूसरे कर्मचारी अपनी सैलरी और दूसरी सुविधाओं को बढ़ाने की मांग को लेकर 15 सितंबर से हड़ताल पर हैं।
याचिका में दिल्ली में डीटीसी का परिचालन तुरंत बहाल करने, उनके रखरखाव और बेरोकटोक परिचालन आगे भी जारी रखने के लिए निर्देश देने की मांग की गई है। याचिका में याचिकाकर्ता ने कहा है कि महिलाओं के लिए मुफ्त सार्वजनिक परिवहन की सुविधा न होने के कारण, उन्हें आने-जाने के लिए महंगे दूसरे साधनों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।
याचिका में कहा गया है कि इस हड़ताल का असर दिल्ली-एनसीआर के लाखों निवासियों, छात्रों, दिहाड़ी मजदूरों, वेतनभोगी कर्मचारियों, बुजुर्गों, दिव्यांगों, मरीजों और आर्थिक रूप से कमजोर यात्रियों पर पड़ रहा है, जो सस्ते पब्लिक ट्रांसपोर्ट पर निर्भर हैं। याचिका में यह भी कहा गया है कि हड़ताल की वजह से यात्रियों का दबाव दिल्ली मेट्रो पर बढ़ गया है।