News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

करोड़ों की संपत्ति के मालिक बुजुर्ग का घर में मिला शव, बॉडी पर मिले चोट के निशान

बिजनौर, 7 अगस्त । शहर बिजनौर के नूरपुर रोड स्थित सोतियों के बाग में शुक्रवार सुबह करोड़ों की संपत्ति के मालिक अनिल सोती का शव उनके घर में संदिग्ध परिस्थिति में मिला। शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

यह घटना बिजनौर कोतवाली शहर क्षेत्र के नूरपुर रोड पर कृष्णा कॉलेज के पास हुई। शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे, 80 वर्षीय अनिल सोती (पुत्र ब्रह्मकुमार सोती) अपने घर में सो रहे थे। जब उनके नौकर नौशाद ने उन्हें जगाने के लिए दरवाजा खटखटाया तो वह नहीं खुला।

नौशाद के अनुसार, कई बार आवाज लगाने पर भी जब अनिल सोती नहीं उठे और दरवाजा नहीं खुला, तो वह दूसरी ओर गए। वहां का दरवाजा खुला था। अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि तख्त के नीचे अनिल सोती का शव पड़ा हुआ था। उनके नाक और सिर पर चोट के निशान थे। नौशाद ने तुरंत हत्या की आशंका व्यक्त की।

स्थानीय लोगों ने बताया कि अनिल सोती अविवाहित थे और करोड़ों की संपत्ति के मालिक थे। उनका एक भतीजा दिल्ली में रहता है, जिसने अपनी हिस्से की कुछ जमीन बेच दी थी। चाचा-भतीजे के बीच संपत्ति के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। स्थानीय निवासियों के अनुसार, अनिल सोती ने पहले भी पुलिस अधिकारियों से अपनी जान को खतरा होने की शिकायत की थी। एसपी सिटी कृष्ण गोपाल के अनुसार, सही स्थिति के बारे में पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद पता लग सकेगा। प्रथम दृष्टया पुलिस हत्या मानकर चल रही है।

Leave a Reply