News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Haryana

हरियाणा विधानसभा में दिवंगत पूर्व विधायकों, शहीद जवानों और हादसों में जान गंवाने वालों को दी श्रद्धांजलि

चंडीगढ़, 27 अगस्त । हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान गुरुवार को सदन में नेपाल में आई बाढ़ के कारण मारे गए व्यक्तियों के निधन पर भी शोक व्यक्त किया। इसके अलावा रोहतक अग्निकांड के मृतकों को भी सदन में याद करके श्रद्धांजलि भेंट की गई। सदन में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा तथा विधायक आदित्य देवीलाल सहित सदन ने पिछले विधानसभा सत्र के बाद दिवंगत हुए महत्वपूर्ण व्यक्तियों, पूर्व विधायकों, शहीद सैनिकों तथा विभिन्न हादसों में जान गंवाने वाले नागरिकों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक प्रस्ताव पढ़ते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक-संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं। इसके अलावा मुख्यमंत्री ने विधानसभा की ओर से सभी दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से प्रार्थना की गई कि वह शोकाकुल परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

सदन ने संयुक्त पंजाब विधानसभा के पूर्व सदस्य चौधरी सही राम बिश्नोई के 22 मई को हुए निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने हरियाणा विधानसभा के पूर्व सदस्य राजपाल भूखड़ी के 20 जुलाई, 2026 को हुए निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने मातृभूमि की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अदम्य साहस और वीरता का परिचय देते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले हरियाणा के वीर सैनिकों को शत-शत नमन किया।

शहीद जवानों में डिप्टी कमांडेंट मनोहर सिंह फौगाट, गांव मकड़ाना, जिला चरखी दादरी; लेफ्टिनेंट निशांत, गांव कासनी, जिला झज्जर; नायब सूबेदार वीरेन्द्र सिंह, गांव कनीना खास, जिला महेंद्रगढ़; उप निरीक्षक कृष्ण कुमार बुम्बक, गांव जुंडला, जिला करनाल; सहायक उप निरीक्षक पवन कुमार, गांव बहु, जिला झज्जर; सहायक उप निरीक्षक विनोद कुमार, गांव नन्दगांव, जिला भिवानी; सहायक उप निरीक्षक जयप्रकाश, गांव खुशपुरा, जिला रेवाड़ी; सहायक उप निरीक्षक दयाकिशन, गांव भाकली, जिला रेवाड़ी; हवलदार रामबीर, गांव बास अकबरपुर, जिला हांसी; हवलदार कृष्ण कुमार, गांव कोरियावास, जिला महेंद्रगढ़; हवलदार सोनू, गांव छप्पार, जिला चरखी दादरी; हवलदार रामनारायण, गांव खरक कलां, जिला भिवानी; सार्जेंट सुरेन्द्र कादियान, गांव बाघपुर, जिला झज्जर; प्रधान नाविक राजेश कुमार, गांव भोजावास, जिला महेंद्रगढ़; नायक रवि प्रकाश, गांव कासनी, जिला चरखी दादरी; नायक आनंद कुमार, गांव झोझू खुर्द, जिला चरखी दादरी; नायक मनोज कुमार, गांव चंदपुरा, जिला महेंद्रगढ़; कॉरपोरल भरतराज भारद्वाज, गांव बामनवास, जिला महेंद्रगढ़; सिपाही संदीप कुमार, गांव सरूपगढ़ सातौर, जिला चरखी दादरी; सिपाही संदीप कुमार, गांव बवानियां, जिला महेंद्रगढ़; सिपाही सतीश, गांव मामडिय़ा असामपुर, जिला रेवाड़ी; सिपाही राजकुमार, गांव गुधराना, जिला पलवल; सिपाही सोनू कुमार, गांव अटेली, जिला महेंद्रगढ़; सिपाही शमशेर सिंह, गांव छिछड़ाना, जिला पानीपत; सिपाही कुलवंत सिंह, गांव पहाड़ी, जिला भिवानी; अग्निवीर ध्रुव, गांव जड़थल, जिला रेवाड़ी तथा अग्निवीर शंकर, गांव सोहड़ी, जिला महेंद्रगढ़ शामिल हैं। सदन ने 9 जून, 2026 को रोहतक की डी पार्क मार्केट में जूतों की दुकानों में आग लगने की दुखद घटना में तीन लोगों की हुई मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने 19 जुलाई, 2026 को झज्जर जिले के मुनिमपुर गांव में कुएं में गिरे बछड़े को बचाने के प्रयास में कुएं में उतरे चार लोगों की जहरीली गैस के कारण दम घुटने से हुई दुखद मृत्यु पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने मृतकों के परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त की। सदन ने विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया के भाई श्री रामशरण तेवतिया के 22 जून, 2026 को हुए निधन पर भी गहरा शोक व्यक्त किया। सदन ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक-संतप्त परिवार के सदस्यों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट की।

Leave a Reply