News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Uttarakhand

बेसहारा बुजुर्ग महिला का पुलिस ने वृद्धाश्रम में कराया सुरक्षित आश्रय

पौड़ी गढ़वाल, 02 अगस्त । अपनों का साथ छूटने के बाद अकेले और बेसहारा जीवन गुजार रही 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला के लिए पौड़ी पुलिस देवदूत बनकर सामने आई। पुलिस टीम ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित वृद्धाश्रम पहुंचाकर उनके रहने, देखभाल और चिकित्सा की व्यवस्था कराई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद पुलिस कानून-व्यवस्था के साथ-साथ जनसेवा के कार्यों को भी प्राथमिकता दे रही है। 31 जुलाई को कोटद्वार क्षेत्र में पुलिस टीम को एक बुजुर्ग महिला अकेली और असहाय अवस्था में भटकती हुई मिलीं। पूछताछ में महिला ने बताया कि उनके पति का कई वर्ष पहले निधन हो चुका है और अब उनकी देखभाल करने वाला कोई नहीं है।

महिला की स्थिति को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात महिला कांस्टेबल विद्या मेहता ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल उनके लिए सुरक्षित आश्रय की व्यवस्था का प्रयास किया। उन्होंने जहरीखाल स्थित वृद्धाश्रम के प्रबंधक नीरज से संपर्क कर पूरी स्थिति से अवगत कराया। सहमति मिलने के बाद पुलिस टीम बुजुर्ग महिला को सकुशल वृद्धाश्रम लेकर पहुंची, जहां उनके रहने, भोजन और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित कराई गई। इस मानवीय कार्य में महिला कांस्टेबल विद्या मेहता के साथ कांस्टेबल राहुल कुमार और कांस्टेबल सत्येंद्र लखेड़ा भी शामिल रहे। पुलिस की इस पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना करते हुए इसे मानवता और संवेदनशील पुलिसिंग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

Leave a Reply