News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Rajasthan

सावन के पहले सोमवार को निगम ने मंदिरों से एकत्रित किया निर्माल्य

जयपुर, 03 अगस्त । सावन के पहले सोमवार को नगर निगम ने शिवार्पणम् के तहत निर्माल्य को उठाया। नगर निगम निर्माल्य से प्रसाद रुपी जैविक खाद बनाएगा। निगम ने इस पहल के माध्यम से शहर के प्रमुख शिवालयों में भगवान शिव को अर्पित होने वाले बेलपत्र, पुष्प एवं अन्य जैविक निर्माल्य को एकत्रित किया।

सावन के दौरान प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु शिवालयों में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना करते हैं, जिनमें बड़ी मात्रा में बेलपत्र, पुष्प और अन्य जैविक निर्माल्य अर्पित किया जाता है। अब इन पवित्र अवशेषों को वैज्ञानिक प्रक्रिया से लगभग 30 दिनों में जैविक खाद में परिवर्तित किया जाएगा। निर्माल्य एकत्रित करने के लिए निगम ने पांच ई हूपर लगाए है। निर्माल्य को निकटतम उद्यान में स्थापित श्रेडर मशीन से प्रोसेस किया जाएगा। कम्पोस्ट पिट में वैज्ञानिक विधि से जैविक खाद तैयार होगी। तैयार खाद को शिवार्पणम् पैकेट में श्रद्धालुओं एवं नागरिकों तक पहुंचाया जाएगा। पायलट परियोजना के अंतर्गत ताड़केश्वर महादेव, झारखंड महादेव, जंगलेश्वर महादेव, चमकारेश्वर महादेव एवं रोजगारेश्वर महादेव मंदिरों से इस अभियान की शुरुआत होगी।

आयुक्त ओम कसेरा ने कहा भगवान शिव को अर्पित हुआ प्रत्येक बेलपत्र और पुष्प श्रद्धा का प्रतीक है। उसका स्थान कचरे में नहीं, बल्कि धरती की सेवा में होना चाहिए।

Leave a Reply