सागर: आरक्षण व्यवस्था के खिलाफ सवर्ण समाज ने किया प्रदर्शन
सागर, 22 अगस्त । आरक्षण व्यवस्था के विरोध में किए जा रहे देशव्यापी आंदोलन की गूंज मध्य प्रदेश के सागर जिले में भी सुनाई देने लगी है। यहां सवर्ण समाज के विभिन्न संगठनों ने एकजुट होकर शनिवार को जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और आरक्षण का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ब्राह्मण सभा और करणी सेना सहित सवर्ण समाज के कई अन्य प्रमुख संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्तमान आरक्षण व्यवस्था से योग्य प्रतिभाओं की अनदेखी हो रही है, जिससे समाज के एक बड़े वर्ग में असंतोष व्याप्त है।
पुतला दहन के उपरांत सवर्ण समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को भारत के राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सवर्ण समाज की प्रमुख मांगों को रेखांकित करते हुए देश में सभी नागरिकों को समान अवसर प्रदान करने की वकालत की गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सवर्ण समाज की इन जायज मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया, तो आने वाले समय में इस आंदोलन को और अधिक उग्र एवं व्यापक रूप दिया जाएगा।