News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

प्रधानमंत्री मोदी के वर्चुअल संबोधन से दाे अगस्त को होगा नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान का शुभारंभ

कोरबा, 01 अगस्त । युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में कलेक्टर कुणाल दुदावत के मार्गदर्शन में “माय भारत युवा कार्यक्रम” का प्रभावी संचालन किया जा रहा है।

इसी क्रम में 2 अगस्त (रविवार) को नशा मुक्त भारत अभियान-2026 के अंतर्गत शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, कोरबा में प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का जिलास्तरीय शुभारंभ समारोह आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के वाणिज्य, उद्योग, वाणिज्य कर (आबकारी) एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन होंगे।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत, विधायक कटघोरा प्रेमचंद पटेल, विधायक रामपुर फूल सिंह राठिया, विधायक पाली-तानाखार तुलेश्वर हीरासिंह मरकाम, महापौर नगर पालिक निगम कोरबा संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर तथा जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

“माय भारत युवा कार्यक्रम” के जिला नोडल अधिकारी सतीश प्रकाश सिंह ने शनिवार काे बताया कि अभियान के शुभारंभ अवसर पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के लगभग 10 हजार स्थानों पर जुड़े युवाओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेश के साथ ही कोरबा जिले में “नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान” का औपचारिक शुभारंभ होगा।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, उच्च शिक्षण संस्थानों, विभिन्न शासकीय विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा औद्योगिक इकाइयों में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में हजारों छात्र-छात्राओं, युवाओं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को “नशामुक्त युवा-नशामुक्त भारत” का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही नशा मुक्ति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न प्रतियोगिताएं, संवाद, रैलियां, शपथ ग्रहण एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी।

सतीश प्रकाश सिंह ने बताया कि 2 अगस्त को शासकीय ई.वी.पी.जी. कॉलेज, कोरबा में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी छात्र-छात्राएं एवं युवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन को सुनेंगे तथा नशामुक्त समाज और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संकल्प लेंगे।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ कोरबा शहरी क्षेत्र के शासकीय एवं अशासकीय महाविद्यालयों, हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी विद्यालयों तथा अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं युवा सहभागी होंगे।

Leave a Reply