News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Chhattisgarh

भटगांव पीएचसी में एनक्यूएएस मूल्यांकन, ओपीडी से वार्ड तक हुई जांच

धमतरी, 21 अगस्त । आयुष्मान आरोग्य मंदिर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भटगांव में राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (एनक्यूएएस) के तहत दो दिवसीय मूल्यांकन शुक्रवार से शुरू हुआ। केंद्रीय मूल्यांकन टीम ने पहले दिन करीब नौ घंटे तक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और सेवाओं की बारीकी से जांच की।

केंद्रीय मूल्यांकन टीम ने ओपीडी, आईपीडी महिला-पुरुष वार्ड, दवाइयों की उपलब्धता सहित 12 प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी जुटाई गई। वहीं वार्ड में भर्ती मरीजों से चर्चा कर अस्पताल की व्यवस्थाओं और मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में फीडबैक लिया गया। इस मूल्यांकन टीम में डा. नाजिया शाहिन और डा. रेशमा शामिल हैं। टीम ने सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक स्वास्थ्य केंद्र का मूल्यांकन किया। इस दौरान ओपीडी में मरीजों की जांच और उपचार व्यवस्था, आईपीडी में भर्ती मरीजों की देखभाल, महिला एवं पुरुष वार्ड की व्यवस्था और दवाइयों की उपलब्धता की जानकारी ली। टीम ने स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं और संबंधित अभिलेखों की भी पड़ताल की। मूल्यांकन के दौरान टीम ने वार्ड में भर्ती मरीजों से बातचीत की।

मरीजों से उपचार, दवा, चिकित्सकीय परामर्श और अस्पताल में मिलने वाली सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इसके साथ ही आसपास के गांवों से पहुंची मितानिनों से भी ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच और मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। इससे स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं का मरीजों और ग्रामीणों के अनुभव के आधार पर भी आकलन किया गया। इस पीएचसी से भटगांव के अलावा सोरम, रुद्री, गंगरेल, तुमराबहार, कोलियारी और बोरिदखुर्द के ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाएं लेते हैं। इन सात गांवों के 10 हजार से अधिक लोग उपचार और प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए इस केंद्र पर निर्भर हैं। ऐसे में एनक्यूएएस मूल्यांकन के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। दो दिवसीय मूल्यांकन के तहत शनिवार को भी केंद्रीय टीम स्वास्थ्य केंद्र की सेवाओं और व्यवस्थाओं की जांच करेगी। मूल्यांकन के दौरान जिला सलाहकार श्वेता स्वर्ण, बीएमओ एजे खान, बीपीएम श्वेता परमार, नेमदत्त साहू, सुरेंद्र साहू, डा. भावना सेन सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

इन 12 बिंदुओं पर हो रहा मूल्यांकन

एनक्यूएएस के तहत सामान्य बीमारियों की बाह्य रोगी देखभाल, गैर-संचारी रोगों की जांच व प्रबंधन, गर्भावस्था व प्रसव देखभाल, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य, किशोर स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, संचारी रोग प्रबंधन, बुजुर्ग स्वास्थ्य, आपातकालीन चिकित्सा एवं मानसिक स्वास्थ्य सहित अन्य सेवाओं का मूल्यांकन किया जा रहा है।

Leave a Reply