News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Jharkhand

उपायुक्त ने अड़की के विभिन्न विद्यालयों का किया निरीक्षण, शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार के निर्देश

खूंटी, 22 अगस्त । उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने शनिवार को अड़की प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पठन-पाठन की गुणवत्ता, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों की उपस्थिति, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता तथा विद्यालय भवन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का जायजा लिया।

उपायुक्त ने पीएमश्री कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, अड़की का निरीक्षण कर शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं से संवाद करते हुए उन्हें नियमित रूप से विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थी अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं और उपलब्ध संसाधनों का सदुपयोग कर आगे बढ़ना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने दिव्यांग स्कूली बच्चों के बीच ट्राइसाइकिल सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी।

इसी क्रम में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, अपर समाहर्ता सुषमा लकड़ा, जिला कल्याण पदाधिकारी प्रमोद राम, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला आपूर्ति पदाधिकारी और क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारी ने कृष्णा बल्लभ उच्च विद्यालय, यूपीजी प्लस टू सिंदरी, अड़की समेत विभिन्न विद्यालयों का निरीक्षण किया।

विद्यालयों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त ने अड़की प्रखंड कार्यालय में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी (बीईओ), प्रखंड संसाधन व्यक्ति (बीआरपी), सभी प्रधानाध्यापकों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विद्यालयवार स्थिति की जानकारी लेते हुए पठन-पाठन, छात्र-शिक्षक उपस्थिति, मध्याह्न भोजन, विद्यालय भवन और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को विद्यालयों में आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने और विद्यार्थियों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सभी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं और शिक्षकों की नियमित उपस्थिति के साथ बेहतर शैक्षणिक एवं आधारभूत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।———–

Leave a Reply