News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

शराब पार्टी के दौरान विवाद में हिस्ट्रीशीटर की पत्थर से कुचलकर हत्या, दो संदिग्धों की तलाश

बांदा, 04 अगस्त । उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के मटौंध थाना क्षेत्र में शराब पीने के दौरान हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। तिंदवारी थाने के हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू (45) की पत्थर से सिर और चेहरे पर हमला कर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं।

जानकारी के अनुसार तिंदवारी थाना क्षेत्र के अमलीकौर गांव निवासी धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू पिछले कई महीनों से चिल्ला रोड स्थित एक मौरंग डंप में काम करता था। सोमवार रात करीब नौ बजे वह अपने दो साथियों के साथ मटौंध थाना क्षेत्र के दुरेड़ी गांव पहुंचा। यहां एक निर्माणाधीन मकान के पास बैठकर तीनों शराब पी रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि दोनों साथियों ने पत्थर से गुड्डू के सिर और चेहरे पर कई वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।

घटना की सूचना ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मटौंध थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। घटनास्थल से शराब की बोतलें और नमकीन के पैकेट भी बरामद हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने बताया कि मृतक धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू तिंदवारी थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसके खिलाफ वर्ष 2007 में हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था तथा उस पर गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है। घटना में शामिल दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

वहीं सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नगर सुश्री मेविस टॉक ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात मटौंध थाना क्षेत्र में एक शव मिलने की सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रारंभिक जांच में शव पर गंभीर चोटों के कई निशान मिले हैं। जांच के दौरान मृतक की पहचान तिंदवारी थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर धर्मेंद्र उर्फ गुड्डू के रूप में हुई। घटना के अनावरण के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं तथा कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply