News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

UP

औरैया : तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मोपेड सवार अधेड़ की मौत, चालक गंभीर

औरैया, 25 जुलाई । उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में ऐरवाकटरा थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से मोपेड सवार 49 वर्षीय अधेड़ की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, देईपुर गांव निवासी गिरीशचंद्र गुप्ता शनिवार अपनी मोपेड से गेहूं पिसवाने के लिए पडारा स्थित आटा चक्की जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे जैसे ही वह आटा चक्की के पास पहुंचे, पीछे तेज गति से आ रही एक बाइक ने उनकी मोपेड में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गिरीशचंद्र और बाइक चालक जितेंद्र कुमार (22) पुत्र कमलेश कुमार निवासी नगला बाले गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना पर पहुंची ऐरवाकटरा थाना पुलिस ने दोनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद गिरीशचंद्र गुप्ता को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल जितेंद्र कुमार को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

मृतक गिरीशचंद्र अपने पीछे पत्नी गीता देवी तथा तीन पुत्र राजीव कुमार, ऋषभ कुमार और हनी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।

थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त वाहन को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। अभी तक किसी पक्ष की ओर से लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply