News Chetna

सच की ताजगी, आपकी अपेक्षा

Himachal Pradesh

नूरपुर पुलिस ने 2 आदतन अपराधियों को निवारक हिरासत में लिया, भेजे जेल

पुलिस जिला नूरपुर ने नशा तस्करी के विरुद्ध अपने अभियान को और अधिक सशक्त करते हुए दो आदतन अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई की है। नूरपुर पुलिस के प्रस्ताव पर हिमाचल प्रदेश सरकार के गृह विभाग द्वारा स्वापक औषधि और मन:प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 3(1) के तहत जारी निवारक निरोध आदेशों के अनुपालन में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला कारागार धर्मशाला (कांगड़ा) में निरुद्ध किया गया है। आरोपियों में नामवीर सिंह पुत्र कंस राज, निवासी ग्राम तमोता, डाकघर उल्लैहरियां, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा शामिल है। उक्त आरोपी के खिलाफ चिट्टे के मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत इंदौरा थाना में 2 मामले दर्ज हैं।

इसी तरह राजिंदर कुमार पुत्र बचन दास, निवासी ग्राम माजरा, डाकघर छन्नी, तहसील इंदौरा, जिला कांगड़ा के खिलाफ भी इंदौरा और डमटाल पुलिस थाना में चिट्टे के 2 मामले दर्ज हैं। एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज ने बताया कि इनकी निरंतर आपराधिक गतिविधियों व युवाओं पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को देखते हुए जन-सुरक्षा हेतु यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि नशा तस्करों के खिलाफ नूरपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply