नगर निगम के विजन-2030 से स्मार्ट बनेगा धर्मशाला : सुधीर शर्मा
धर्मशाला, 24 जुलाई । नगर निगम धर्मशाला ने वर्ष 2031 तक शहर के समग्र विकास के लिए 25 बिंदुओं वाला विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। धर्मशाला से भाजपा विधायक सुधीर शर्मा ने नगर निगम धर्मशाला के विजन-2031 दस्तावेज का स्वागत करते हुए कहा कि यह शहर के सुनियोजित और दीर्घकालिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
उन्होंने कहा कि धर्मशाला को आधुनिक, स्वच्छ, सुरक्षित और विश्वस्तरीय पर्यटन शहर बनाने के लिए व्यापक सोच के साथ यह रोडमैप तैयार किया गया है। इस रोडमैप का उद्देश्य धर्मशाला को आधुनिक, पर्यावरण अनुकूल, पर्यटन केंद्रित और बेहतर शहरी सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करना है। इसमें सबसे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर सूर्या सौर ऊर्जा कार्यक्रम को सम्पूर्ण नगर निगम क्षेत्र में स्थापित किया जाएगा जिससे शहर वासियों को बिजली के बिल से छुटकारा मिलेगा व अतिरिक्त बिजली उत्पादन करने से उन्हें आय भी प्राप्त होगी जिससे सम्पूर्ण सौर ऊर्जा से संचालित देश का पहला नगर निगम धर्मशाला बनेगा।
इसके अतिरिक्त जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान, ट्रैफिक प्रबंधन, पर्यटन विकास, हरित क्षेत्रों के विस्तार, सीवरेज उन्नयन और बाजारों के पुनर्विकास जैसे कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल किए गए हैं। विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार पूरे नगर निगम क्षेत्र के लिए इंटीग्रेटेड ड्रेनेज मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या खत्म हो और स्टॉर्म वाटर मैनेजमेंट बेहतर हो सके। शहर में बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए व्यापक ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान लागू करने का भी प्रस्ताव है। इसके तहत स्मार्ट ट्रैफिक सिस्टम, पर्याप्त पार्किंग, बेहतर सड़क संकेतक और पैदल यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए धर्मशाला टूरिज्म एवं टूरिस्ट मैनेजमेंट प्लान तैयार किया जाएगा। चरान से भागसूनाग के लिए फ़र्निक्यूलर ट्रेन चलायी जाएगी जिससे पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। इसके अलावा शहीद स्मारक में वाटर बॉडी, लाइट एंड साउंड शो, सेंट्रल पार्क एवं मनोरंजन क्षेत्र, चरण खड्ड रिवरफ्रंट विकास, खनियारा को हेरिटेज विलेज के रूप में विकसित करने तथा मांझी खड्ड के किनारे वॉकिंग और साइक्लिंग ट्रैक बनाने का भी प्रस्ताव है।