एक्सआईएसएस रांची के छात्रों ने किया आजीविका मॉडल का अध्ययन
खूंटी , 24 जुलाई । एक्सआईएसएस रांची के रूरल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम के 20 छात्र-छात्राओं ने अपने शैक्षणिक क्षेत्र भ्रमण के तहत शुक्रवार को खूंटी जिले में संचालित आजीविका और ग्रामीण विकास के विभिन्न मॉडलों का अध्ययन किया। इस दौरान एक्सआईएसएस के प्रोफेसर सौर्य दास भी भी मौजूद थे।
भ्रमण की शुरुआत गुटजोरा स्थित आजीविका संसाधन केंद्र से हुई, जहां छात्रों ने ड्रैगन फ्रूट की खेती, पॉलीहाउस नर्सरी, हैचरी यूनिट, हार्डनिंग सेंटर, बागवानी और अनानास की खेती को देखा। केंद्र के संचालक दिनेश कुमार ने विभिन्न आजीविका गतिविधियों और इनके माध्यम से ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयासों की विस्तार से जानकारी दी।
इसके बाद छात्र-छात्राओं ने खूंटी स्थित पलाश मार्ट का दौरा किया। यहां उन्होंने पलाश दीदी किचन, बेकरी यूनिट और महिलाओं की ओर से संचालित विभिन्न उद्यमों को देखा। छात्रों ने उत्पाद निर्माण, पैकेजिंग और विपणन की प्रक्रिया को समझते हुए महिला स्वयं सहायता समूहों की भूमिका का अध्ययन किया।
इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से छात्र-छात्राओं को झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (जेएसएलपीएस) के तहत संचालित आजीविका संवर्धन, महिला सशक्तिकरण, कृषि आधारित गतिविधियों तथा ग्रामीण उद्यमिता के सफल मॉडलों को जमीनी स्तर पर समझने का अवसर मिला। छात्रों ने इस अनुभव को ग्रामीण विकास की व्यवहारिक समझ के लिए उपयोगी बताया।